कालपी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी से सौतेले पिता द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पहले पति की मौत के बाद उसने दूसरी शादी की थी। आरोप है कि उसका दूसरा पति शिवकरन किशोरी को अपनी बेटी नहीं मानता था। रात में घटना के बाद किशोरी के पेट में दर्द हुआ। वह रोने लगी तो मां ने वजह पूछी। इसके बाद किशोरी ने मां को पूरी आपबीती बताई।
बेटी की बात सुनकर मां कालपी कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।
