उरई। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह गोहन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उसमें सवार किसान समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, यहां किसान को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
मध्य प्रदेश के भिंड निवासी जागेश त्रिपाठी उर्फ टिंकू (40) साथी रंछोरदास (32) के साथ बुधवार शाम घर से निकले थे और गुरुवार सुबह कुठौंद से जालौन की ओर आ रहे थे। सुबह करीब सात बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 212.7 गोहन क्षेत्र में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
सूचना पर गोहन थाना प्रभारी सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों को सीएचसी जालौन भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने जागेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रंछोरदास को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
पिता गोविंददास त्रिपाठी ने बताया कि जागेश अविवाहित था और खेती-किसानी करता था। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि डिवाइडर से टकराने से हादसा होने की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है।
