रक्सा थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने बृहस्पतिवार को मुठभेड़ के दौरान हत्या के प्रयास एवं लूट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 17 अगस्त की रात रक्सा थाना क्षेत्र के गांव डगरवाहा में रिंकू प्रजापति ऑनलाइन मनी ट्रांसफर एवं फास्टैग की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान सफेद रंग की कार से तीन-चार लोग दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि एक व्यक्ति ने रिंकू से 60 हजार रुपये की धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर कराई। रकम मांगने पर आरोपियों ने रिंकू को जबरन गाड़ी में खींचने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने रिंकू को गाड़ी के बाहर लटका दिया और वाहन चला दिया। करीब 300 मीटर तक घसीटने के बाद उसे सड़क पर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में चल रहा पीड़ित का इलाज

परिजनों ने रिंकू को राजकीय मेडिकल काॅलेज झांसी में भर्ती कराया। बाद में उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। रिंकू के भाई गब्बर की तहरीर पर रक्सा पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण का खुलासा करने के लिए एसएसपी के आदेश पर तीन टीमों का गठन किया गया। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी थी। इसी बीच रक्सा टोल के आगे नयाखेड़ा रोड के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने संदिग्धों की घेराबंदी कर ली। इसी दौरान पुलिस को देख बदमाशो ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी मंगल सिंह जाट और लोकेंद्र साहू उर्फ लिटिल पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर गए, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहीं मौके से उनके दो अन्य साथियों भूपेंद्र सिंह और बृजकिशोर धाकड़ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, तीन खोखे 315 बोर, दो कारतूस 315 बोर, 11 हजार रुपये नकद और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।

तीन आरोपी दतिया के और एक पटियाला का

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंगल सिंह जाट निवासी कजका, थाना गोदन, जिला दतिया (मध्य प्रदेश), लोकेंद्र साहू उर्फ लिटिल निवासी इंदरगढ़, जिला दतिया, भूपेंद्र सिंह निवासी धर्मकोट, थाना वक्सी वासा, जिला पटियाला (पंजाब) और बृजकिशोर धाकड़ निवासी रऊआ जीवन, थाना इंदरगढ़, जिला दतिया के रूप में हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें