जालौन। जालौन-उरई स्टेट हाईवे पर गुरुवार सुबह अकोढ़ी दुबे गांव के पास अचानक आई नीलगाय से यूपी 112 की पीआरवी गाड़ी टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीआरवी वाहन का बोनट और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि वाहन में सवार चालक समेत तीनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।
सुबह यूपी 112 की टीम पुलिस लाइन में होने वाली परेड में शामिल होने के लिए जालौन से उरई की ओर जा रही थी। अकोढ़ी दुबे गांव के पास पहुंचते ही खेतों की ओर से दौड़ती हुई नीलगाय अचानक हाईवे पर आ गई। चालक ने नीलगाय को बचाने के लिए ब्रेक लगाने के साथ वाहन को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही पल में पीआरवी नीलगाय से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त पीआरवी को हाईवे किनारे हटाया गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
हादसे में पीआरवी में सवार चालक समेत तीनों पुलिसकर्मियों के सुरक्षित बचने से पुलिस ने राहत की सांस ली। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। (संवाद)
