कोंच। सीएमओ डॉ. एचएन प्रसाद ने एसीएमओ डॉ. एपी वर्मा के साथ रविवार रात करीब नौ बजे सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रसव कक्ष में प्रसव ट्रे और इमरजेंसी ट्रे भी व्यवस्थित नहीं मिलीं। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने और साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी आरके गौर मौजूद मिले, जबकि स्टाफ नर्स भी ड्यूटी पर मिलीं। सीएमओ ने सभी कर्मचारियों को नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को इनवर्टर से कनेक्शन देने को कहा, ताकि बिजली जाने की स्थिति में मरीजों को ऑक्सीजन की सुविधा प्रभावित न हो। अस्पताल के बाहर रोशनी कम मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
अस्पताल के अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच में स्थिति ठीक मिली। निरीक्षण के समय दो मरीज भर्ती थे। सीएमओ ने दोनों मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उपचार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से पूछा कि कहीं उन्हें बाहर से दवाएं तो नहीं खरीदनी पड़ रही हैं। सीएमओ ने भर्ती महिला मरीजों को बच्चों को नियमित रूप से स्तनपान कराने के लिए भी प्रेरित किया।
