उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम बिचौली में महिला ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर लूटने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम मदारीपुर निवासी व्यक्ति उसके तीन-चार साथियों पर आरोप लगाते हुए सोनम पत्नी हरिओम वाल्मीकि ने बताया कि 17 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे वह पति के साथ दुर्घटना में घायल अपने ममिया ससुर को देखने राजपुरा जा रही थी। उसके पास एक लाख रुपये भी थे। आरोप है कि ग्राम बिचौली के बाहर गंदे नाले की पुलिया पर उक्त व्यक्ति अपने साथियों के साथ मिला और सभी ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान लाइसेंसी पिस्टल से कई राउंड फायरिंग कर जान-माल की धमकी दी गई। इसके बाद एक लाख रुपये और महिला के पहने हुए जेवर छीन लिए गए।

महिला के अनुसार, शोर मचाने पर बिचौली निवासी सुभाष और विजय मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने पिस्टल की मूठ से सुभाष के सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी को पिस्टल सहित पकड़कर कुठौंद थाना पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके अन्य साथी भाग गए।

पीड़िता का आरोप है कि सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस आरोपी को छोड़कर चली गई। वहीं, थाना पुलिस ने सुभाष का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसका ही चालान कर दिया, जबकि उसकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

सोनम ने 19 अक्तूबर को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच, रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *