सत्ता पक्ष के पार्षदों ने मेयर से की मुलाकात, बसपा पार्षद ने चिट्ठी लिखकर उठाया सदन की बैठक न होने का मुद्दा

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। नगर निगम में उपसभापति का चुनाव और सदन की बैठक लंबे समय से लंबित होने पर पार्षदों का धैर्य जवाब देने लगा है। शनिवार को सत्ता पक्ष के कई पार्षदों ने मेयर बिहारी लाल आर्य से मुलाकात कर चुनाव की तारीख पूछी। वहीं, बसपा पार्षद उमेश जोशी ने मेयर को पत्र लिखकर जल्द चुनाव कराने और सदन की बैठक बुलाने की मांग की। उनका कहना है कि बैठकें नहीं होने से महानगर के 60 वार्डों के विकास और जनहित से जुड़े अहम फैसले अटके हुए हैं।

नगर निगम में बीते 10 सितंबर को कार्यकारिणी का चुनाव हुआ था। इसमें सत्ताधारी भाजपा में बगावत के चलते पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी रितिका तिवारी को हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव ने पार्टी के भीतर खींचतान को उजागर कर दिया था। बगावत के बाद पार्टी के एक जनप्रतिनिधि पर बागी प्रत्याशी को मनाने में नाकाम रहने और एक पदाधिकारी पर सभी को साथ लेकर नहीं चलने के आरोप लगे थे। इस घटनाक्रम के बाद से उपसभापति का चुनाव नहीं हो सका है।

मेयर ने दिवाली बाद चुनाव कराने का दिया आश्वासन

चुनाव में देरी पर शुरुआत में पार्षदों ने चुप्पी साधे रखी, लेकिन 50 दिन से अधिक समय बीतने के बाद अब दबाव बढ़ने लगा है। शनिवार को सत्ता पक्ष के कई पार्षदों ने मेयर बिहारी लाल आर्य से मुलाकात कर उपसभापति के चुनाव की तारीख पूछी। मेयर ने उन्हें दिवाली के बाद चुनाव कराने का आश्वासन दिया।

उधर, बसपा पार्षद उमेश जोशी ने मेयर को भेजे पत्र में कहा कि नगर निगम सदन की बैठक लंबे समय से नहीं हुई है। इससे महानगर के सभी 60 वार्डों में विकास और जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उपसभापति का निर्वाचन लंबित होने के कारण कार्यकारिणी की बैठक भी नहीं हो पा रही है। उन्होंने जल्द चुनाव कराकर सदन और कार्यकारिणी की बैठक बुलाने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *