श्रीरामजन्मभूमि परिसर में इस बार दीपोत्सव का नजारा भव्य और अलौकिक होगा। सात नवंबर को पूरा परिसर एक लाख दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। मंदिर से लेकर कुबेर टीला, सप्तमंडप और दर्शन मार्ग तक दीपों की कतारें सजाई जाएंगी। इस भव्य आयोजन को व्यवस्थित रूप देने के लिए पूरे परिसर को पांच जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में दीप सज्जा और प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी अलग-अलग टीमों को सौंपी गई है। करीब एक हजार कार्यकर्ता पांच दिनों तक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटेंगे।

दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर शनिवार को यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) के सभागार में बैठक हुई। इसमें आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले और जगन्नाथ गुलवे ने कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। श्रीरामलला विराजमान मंदिर का विशेष अलंकरण किया जा चुका है। अब परिसर के अन्य हिस्सों को भी दीपों और सजावट से सुसज्जित करने की तैयारी है।

मंदिर और कुबेर टीला पर सर्वाधिक दीप

राम मंदिर ट्रस्ट के समाचार प्रबंधक सुभाष चंद्र सिंह ने बताया कि दीपोत्सव के पहले जोन में श्रीरामलला मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्रों को शामिल किया गया है। अर्चक प्रमुख आचार्य केशव के नेतृत्व में यहां 30 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मंदिर प्रांगण, परकोटा, ग्रीन हाउस और यज्ञशाला क्षेत्र दीपों से सजेंगे।

दूसरे जोन में कुबेर टीला, सप्तमंडप, शेषावतार मंदिर, हुतात्मा स्मारक और पंचवटी को शामिल किया गया है। चंदन क्षितिज और उनकी टीम यहां 30 हजार से अधिक दीप जलाएगी। इस तरह मंदिर परिसर के इन दोनों प्रमुख क्षेत्रों में ही 60 हजार से अधिक दीपों की रोशनी बिखरेगी।

दर्शन मार्ग से यात्री सेवा केंद्र तक होगी दीप सज्जा

तीसरे जोन में वापसी दर्शन मार्ग, यात्री सुविधा केंद्र, पीएफसी प्लाजा और नल टीला को शामिल किया गया है। पीपी मिश्रा के नेतृत्व में टीम यहां 14 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित करेगी। चौथे जोन की जिम्मेदारी सेवानिवृत्त कैप्टन जेपी द्विवेदी और उनकी टीम को सौंपी गई है। इस जोन में यात्री सेवा केंद्र, अंगद टीला, सीता रसोई और रामानंदाचार्य द्वार पर 13 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे।

पांचवें जोन में श्रीरामजन्मभूमि पथ, दर्शन मार्ग, सिंह द्वार और चरण पादुका क्षेत्र को रखा गया है। नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम यहां 13 हजार दीप प्रज्ज्वलित करेगी। इस जोन में उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान भी कार्यकर्ताओं के साथ व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें