झांसी। धनतेरस पर शुक्रवार को बाजारों में धनवर्षा की उम्मीद है। पिछले साल धनतेरस पर महानगर में करीब 312 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इस बार कारोबारी इससे अधिक बिक्री की उम्मीद लगाए बैठे हैं। सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर बर्तन बाजार तक में ग्राहकों को लुभाने के लिए तैयारियां की गई हैं।

विभिन्न कंपनियों के शोरूम संचालकों के मुताबिक, धनतेरस पर करीब 350 चार पहिया और 2500 दो पहिया वाहनों की बिक्री होने की संभावना है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों और कंपनियों की ओर से कई तरह के ऑफर भी दिए जा रहे हैं।

दीपावली के पांच दिवसीय पर्व की शुरुआत धनतेरस से होती है। इस दिन सोना-चांदी, बर्तन और नई वस्तुओं की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। परंपरागत रूप से इस दिन पीतल, तांबे और चांदी के बर्तन खरीदने का चलन रहा है। अब लोग सोने-चांदी के आभूषणों के साथ वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और किचन के सामान की भी खरीदारी करते हैं। यही वजह है कि धनतेरस पर बाजारों में हर तरह के कारोबारियों को अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है।

शुक्रवार की धनतेरस को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानदारों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सराफा व्यापारियों ने बताया कि चांदी के सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की उपलब्धता बढ़ाई गई है। पांच से दस ग्राम वजन के चांदी के सिक्कों के साथ 10 से 20 ग्राम वजन की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। वहीं, सोने की बढ़ी कीमतों को देखते हुए हल्के वजन के आभूषणों की कई किस्में तैयार कराई गई हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अन्य घरेलू उपकरणों पर कंपनियों और दुकानदारों की ओर से आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं। ग्राहकों को कैशबैक, एक्सचेंज और अन्य छूट के जरिये लुभाने की कोशिश की जा रही है। वाहन बाजार में भी धनतेरस पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है। शोरूम संचालकों के अनुसार, करीब 350 चार पहिया कारों की बिक्री के आसार हैं। अधिकांश लोगों ने सात से 14 लाख की रेंज वाली कारों की बुकिंग कराई है। वहीं, 2500 दो पहिया वाहनों की बिक्री हो सकती है। कई ग्राहकों ने पहले से वाहनों की बुकिंग करा ली है और शुभ मुहूर्त में डिलीवरी लेने की तैयारी की है।

पीतल-तांबे के दाम बढ़े तो स्टील और नॉनस्टिक की तरफ रुझान

धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा बरकरार है, लेकिन महंगाई ने ग्राहकों की पसंद बदल दी है। पिछले साल के मुकाबले पीतल के कच्चे माल की कीमतों में करीब 30 फीसदी और तांबे के दाम में 40 फीसदी तक उछाल आया है। इससे पीतल और तांबे के बर्तनों की खरीदारी प्रभावित होने की आशंका है। अब ग्राहकों का रुझान स्टील और नॉनस्टिक के बर्तनों की ओर भी बढ़ रहा है। बाजार में डिनर सेट, कुकर, कड़ाही और रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले बर्तनों की मांग है।

दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद और बजट को देखते हुए अलग-अलग रेंज के बर्तन सजा रखे हैं। महंगाई के बीच धनतेरस पर शगुन की खरीदारी का चलन कायम है। कोई छोटी कटोरी, गिलास या लोटा खरीदकर परंपरा निभाने की तैयारी में है तो कोई जरूरत के मुताबिक कुकर, कड़ाही और डिनर सेट खरीद रहा है। कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहार के चलते इस बार बर्तन बाजार में भी अच्छी ग्राहकी रहेगी।

वर्जन

सोने की बढ़ी कीमतों को देखते हुए सराफा व्यापारियों ने कम वजन के आभूषणों की कई किस्में तैयार कराई हैं। धनतेरस पर पांच से दस ग्राम वजन के चांदी के सिक्कों की भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। पूजन के लिए चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां भी उपलब्ध हैं, जो 10 से 20 ग्राम वजन में मिल रही हैं।

– मुकेश अग्रवाल, अध्यक्ष, सराफा बाजार कमेटी

इस बार पीतल के कच्चे माल की कीमतों में लगभग 30 फीसदी और तांबे के दाम में 40 प्रतिशत तक उछाल आया है। ऐसे में लोग स्टील और नॉनस्टिक के बर्तनों की खरीदारी अधिक कर रहे हैं। हर साल धनतेरस पर लोग बर्तनों की जमकर खरीदारी करते हैं। इस बार भी बर्तन कारोबार में अच्छी बिक्री की उम्मीद है। – अमन नगरिया, बर्तन कारोबारी

धनतेरस पर मारुति एरिना की 80 और नेक्सा की 50 कारों की बुकिंग लोगों ने पहले से ही करा रखी हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार ऑटोमोबाइल सेक्टर में और अधिक बिक्री की संभावना है। झांसी जिले में सभी कंपनियों को मिलाकर कम से कम 350 कारों की बिक्री होने के आसार हैं। – विकास राय, एमडी, बसेरा विलोसिटी कार्स।

धनतेरस पर 150 लोगों ने दोपहिया वाहनों की खरीद के लिए बुकिंग कराई है। इसके अलावा 15 से 20 ट्रैक्टरों की भी बुकिंग है। पिछली बार की तुलना में आठ से दस फीसदी बुकिंग ज्यादा है। जनपद में सभी कंपनियों के इलेक्टि्रक समेत करीब 2500 दोपहिया वाहनों की बिक्री की संभावना है। – सिद्धार्थ नगरिया, एमडी, ध्रुव तारा ऑटोमोबाइल्स।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें