झांसी। भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड (इंडसइंड बैंक) की झांसी बी ब्रांच में तैनात रहे कर्मचारी ने महिला ग्राहक को लोन सेटलमेंट का झांसा देकर उससे 53,302 रुपये हड़प लिए। आरोपी कर्मी ने इसकी न तो कंप्यूटर एंट्री की और न ही बैंक में नकद रकम जमा की। इसका पता चलने पर बैंक के शाखा प्रबंधक राहुल पाल ने आरोपी कर्मचारी दतिया निवासी बृजेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बैंक मैनेजर राहुल पाल ने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर से बृजेंद्र को-संगम मैनेजर के पद पर काम करता था। फील्ड विजिट के दौरान सेंटर नंबर 194 की ग्राहक गीता यादव के लोन का मामला सामने आया। उनका 53,302 रुपये का बकाया लोन 14 अप्रैल, 2026 को बंद होना था। बृजेंद्र ने लोन बंद कराने के नाम पर गीता से 53,302 रुपये नकद लेकर अपने पास रख लिए।
नियमों के मुताबिक लोन सेटलमेंट की रकम फील्ड में कर्मचारी को लेने की अनुमति नहीं है। लोन बंद कराने की प्रक्रिया ब्रांच में पूरी की जानी होती है। इस वजह से जमाकर्ता पर 45,227 रुपये का लोन चढ़ा रहा। रिकवरी न होने पर बैंक कर्मचारी महिला के घर पहुंचे। इसके बाद इस गड़बड़ी का पता चला। बैंक मैनेजर ने जब बृजेंद्र से रकम के बारे में पूछा तब आरोपी कर्मचारी उनको धमकाने लगा। कोतवाल अंजन कुमार सिंह के मुताबिक ब्रांच मैनेजर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके जांच कराई जा रही है।
