झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के चर्म रोग विभाग में पीजी (परास्नातक) का डिग्री कोर्स शुरू कराने का लंबे समय से चल रहा प्रयास शनिवार को सफल हो गया। नेशनल हेल्थ कमीशन (एनएमसी) ने इस विभाग को दो सीटें मंजूर कर दी हैं। वहीं, पैथलॉजी, एनेस्थिसिया, सर्जरी और ऑर्थो विभाग में 17 सीटें बढ़ा दी है। इस तरह कुल 19 नई सीटें मेडिकल कॉलेज को स्वीकृत हुई हैं। इस समय पीजी की काउंसलिंग चल रही है, जिससे बढ़ी सीटों पर जल्द प्रवेश की उम्मीद है।
मेडिकल कॉलेज के चर्म रोग विभाग की ओपीडी में रोजाना औसतन 650 से ज्यादा रोगी उपचार के लिए आते हैं। बावजूद, इसके इस विभाग में पीजी का डिग्री कोर्स संचालित नहीं था। इसके लिए कॉलेज प्रशासन कई वर्ष से लगातार प्रयास कर रहा था। कुछ समय पहले कॉलेज प्रशासन ने फिर एनएमसी से त्वचा रोग विभाग में पीजी डिग्री कोर्स शुरू करने का अनुरोध किया, जिस पर गत माह अचानक टीम निरीक्षण करने के लिए आ गई। टीम ने चर्म रोग विभाग की ओपीडी, आईपीडी के अलावा ऑपरेशन थियेटर आदि की व्यवस्थाओं को देखा और लौट गई। शनिवार को एनएमसी की तरफ से दो सीटों पर पीजी में प्रवेश की अनुमति मिल गई।
वहीं, कॉलेज प्रशासन ने रोगियों की बढ़ती संख्या के चलते पैथलॉजी, एनेस्थिसिया, सर्जरी और ऑर्थो विभाग में सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा था, जिस पर एनएमसी ने 17 सीटें बढ़ाने की मुहर लगा दी। प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि सबसे बढ़ी उपलब्धि चर्म रोग विभाग में पीजी का डिग्री कोर्स शुरू करने के लिए दो सीटें स्वीकृत होना है। इसके अलावा अन्य विभागों की 17 सीटें मंजूर हुई हैं।
किस विभाग में कितनी सीटें बढ़ी
विभाग वर्तमान सीट बढ़ी सीट कुल सीट
पैथोलॉजी 06 10 16
एनेस्थिसिया 12 01 13
सर्जरी 16 04 20
ऑर्थोपेडिक्स 08 02 10
त्वचा रोग 00 02 02
कुल सीट 42 19 61
