कालपी। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। जिसमें सीओ ने छात्र छात्राओं को कानूनी जानकारियां दी। बताया कि पुलिस आपकी मित्र है, किसी भी समय अपनी समस्या वह पुलिस को बता सकते हैं। उनकी पूरी मदद की जाएगी।
नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज सदर बाजार में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को हुआ। इसमें मुख्य अतिथि कालपी सीओ डॉ. देवेंद्र कुमार पचौरी ने छात्र-छात्राओं को गुरु मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप या किसी भी वेबसाइट की जानकारी से बचें। सही सूचना व ज्ञान के लिए अखबार और किताबें पढ़ें। इससे आपको सही जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अब डरने के बजाय अपनी झिझक तोड़ने की जरूरत है। किसी भी घटना पर तुरंत 1090 वूमेंस पावर हेल्पलाइन पर शिकायत करें। उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। कहा कि पुलिस हमेशा आपके लिए तैयार है। स्कूल के प्राधानाचार्य देवेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन बहुत कम होते हैं, जिनमें पुलिस से छात्रों का सीधा संवाद हो। इस तरीके के आयोजन से छात्र-छात्राएं सीधे पुलिस से अपनी बात रख सकते हैं और जरूरी जानकारी भी ले सकते हैं।
छात्रों ने पूछे सवाल
विद्यालय में कक्षा 12 में पढ़ने वाले छात्र राना शिवओम ने पूछा कि अगर उनके साथ धोखाधड़ी हो जाती है तो वह क्या करें। इस पर सीओ ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी होने पर साइबर थाने में इसकी शिकायत करें।
छात्रा गरिमा यादव ने पूछा कि पिंक बूथ क्या है। जिस पर सीओ ने बताया कि पिंक बूथ पर कोई भी महिला या लड़की अपनी शिकायत करने जा सकती है। उसकी पहचान को भी गुप्त रखा जाएगा। अपने साथ हुई किसी भी घटना को हल्के में न लें और इसकी शिकायत करें।
