उरई/रामपुरा। आजादी के बाद से अधूरे सपने साकार हुए तो रामपुरा ब्लाक के अधिकतर चेहरों पर मुस्कान बिखर गई। पांच नदियों के संगम पचनद पर पर्यटन विभाग की नजर पडी तो 48 साल की उम्मीदों को पंख लग गए।
इस मुहिम से जुड़कर अमर उजाला लोगों की आवाज बना तो पचनद के घाटों पर लंबित परियोजनाएं अमली जामा पहनने लगी। पचनद पर घाटों का निर्माण समेत कई पर्यटन योजनाएं पास हो गई तो स्थानीय लोगों ने पचनद घाट पर मानव शृंखला बनाकर आजादी का जश्न मनाया और अमर उजाला इन खुशियों का साक्षी बना।
माधौगढ के रामपुरा ब्लाक में पचनद पर पर्यटन विभाग 3.51 करोड की लागत से रिटर्निंग वाल, स्नान घाट समेत गेस्ट हाउस निर्माण के लिए टेेंडर कर चुका है।इस अभियान के तहत क्षेत्र के लोगों की आवाज बनकर अमर उजाला ने मुद्दे को उठाया था। इसके बाद पर्यटन विभाग ने बजट स्वीकृत करते हुए निर्माण कार्य शुरू करवाने की कवायद तेज कर दी है। इसके बाद स्वाधीनता दिवस के मौके पर पचनद घाट पर मानव शृंखला बनाकर स्थानीय लोगों ने अपनी खुशी जाहिर की। यह पहली बार है जब पचनद के घाट पर लोगों ने एकत्र होकर पर्यटन के लिहाज से पचनद के विकसित होने पर खुशी जाहिर की।
अमर उजाला द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को पंचनद संगम पर यमुना, चंबल, सिंध, पहूज व क्वारी नदियों के संगम तथा पौराणिक कथाओं में प्रसिद्ध नदियों के किनारे बने बाबा साहब के मंदिर पर ब्लॉक प्रमुख अजीतसिंह सेंगर समेत प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में तिरंगा लहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। ब्लाक प्रमुख अजीतसिंह सेंगर ने झंडा रोहण किया। ब्लॉक प्रमुख अजीतसिंह सेंगर ने कार्यक्रम में जानकारी देते हुए बताया कि पचनद क्षेत्र में अब जल्द ही विकास को पंख लगेंगे।
वहीं, अब पर्यटन स्थल घोषित कर पचनद के सुंदरीकरण के लिए निर्माण कार्य की पहली किस्त स्वीकृत कर दी गई है। इसके लिए अमर उजाला के प्रयास पर स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त की है। इस दौरान सतेंद्र सिंह बबलू डिकोली, सतेंद्र सिंह, राहुल सिंह सुखवीर यादव हरेंद्र चंदेल, संतोष प्रजापति आदि मौजूद रहे।
