
सिरसिया का थारू थारू बहुल गांव भचकाही। -संवाद
श्रावस्ती। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत जिले के थारू बहुल दो गांवों का चयन किया गया है। मोतीपुर कला व भचकाही गांव के कमजोर तबके को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।
जनजातीय लोगों की आर्थिक व सामाजिक स्थिति को सुधारने के लिए प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के मोतीपुर कला व भचकाही गांव को चयनित किया गया है। इन गांवों को सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
इसके लिए गांव के कमजोर तबके को प्राथमिकता दी जाएगी। यह जानकारी देते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति ने बताया कि योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के लिए ग्राम व विकास खंड स्तरीय अभिसरण समिति का गठन किया जाएगा। इन समितियों की निगरानी के लिए जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी भी नामित किया जाएगा।
ये सुविधाएं मिलेंगी
इस योजना के तहत गांवों में पक्के मार्ग, बिजली कनेक्शन व उज्ज्वला योजना से एलपीजी कनेक्शन, बाजार, पेयजल, आंगनबाड़ी केंद्र, हॉस्टल, डिजिटल साक्षरता, मत्स्य उत्पादन, आश्रम पद्धति विद्यालय, मोबाइल मेडिकल यूनिट की स्थापना, आयुष्मान कार्ड, खून की कमी से निपटने के लिए केंद्र, पोषण वाटिका केंद्र, कृषि व पशुपालन आधारित व्यवसाय सहित योजनाओं से जनजाति बाहुल्य मोतीपुर कला व भचकाही गांव को संतृप्त किया जाएगा।
