ईरान-इजरायल युद्ध के कारण खाड़ी देशों को जाने वाली उड़ानों का संचालन पटरी पर नहीं आ रहा है। युद्ध के चलते एक सप्ताह से हवाई संचालन प्रभावित है। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि युद्ध के बीच खाड़ी देशों में फंसे देशवासियों का लखनऊ आने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को भी विदेशी एयरलाइन की 12 उड़ानों का आवागमन लखनऊ एयरपोर्ट पर रहा। खाड़ी देशों से 930 भारतीय लखनऊ पहुंचे। वहीं, भारतीय एयरलाइन की कुल आठ उड़ानों का संचालन निरस्त रहा।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक मंगलवार की सुबह 10:50 बजे फ्लाई दुबई की उड़ान (एफजेड-843) अमौसी एयरपोर्ट पर उतरी, जबकि 11:50 बजे उड़ान (एफजेड-844) यहां से दुबई के लिए रवाना हुई। इसके अलावा मस्कट से दो तथा जेद्दा, रियाद और दमाम से एक-एक विमान लखनऊ पहुंचे। वहीं यहां से मस्कट के लिए दो तथा जेद्दा, अबूधाबी, दमाम और रियाद के लिए एक-एक विमान ने उड़ान भरी।
ये भी पढ़ें – कम कीमत पर मिलेंगे शहरों में मकान, गांव-गांव तक जाएंगी सरकारी बसें; जानिए कैबिनेट के बड़े फैसले
ये भी पढ़ें – मार्च में पहली बार मौसमी घटना, दोहपर में दिखी धुंध, इस जिले में दृश्यता 30 मीटर; वैज्ञानिकों ने बताया कारण
इसके अलावा जेद्दा, मस्कट, दम्माम, रियाद और दुबई से भारतीय यात्रियों को लेकर सऊदिया एयरलाइन, सलाम एयर, फ्लाईनस एयरलाइन, ओमान एयर और फ्लाई दुबई की उड़ानें चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरीं।
गोंडा, बहराइच , बलरामपुर सहित आसपास के जिलों से परिचित इन यात्रियों को लेने एयरपोर्ट आए। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही यात्री परिजनों से भावुक हो उठे। हालांकि लखनऊ से वापस रवाना होने वाली इन उड़ानों से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट रही।
