भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को पार्टी की तरफ से प्रदेशभर में विभिन्न आयोजन होंगे। मुख्य आयोजन पार्टी के राज्य मुख्यालय पर होगा, जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह पार्टी के झंडारोहण करेंगे।
स्थापना दिवस पर पार्टी ने बूथ स्तर तक भव्य आयोजन के निर्देश दिए हैं। इनमें पार्टी पदाधिकारियों, सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ ही क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को भी शामिल किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। स्थापना दिवस के माध्यम से पार्टी की विकास यात्रा, वैचारिक प्रतिबद्धता, राष्ट्रसेवा और संगठनात्मक विस्तार पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा स्थापना से लेकर अब तक के संघर्ष, सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की गौरवशाली यात्रा को जन-जन तक पहुंचने का प्रयास करेगी। सोमवार शाम को पार्टी लखनऊ स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन करेगी। कार्यक्रम में जनसंघ काल से लेकर भाजपा में काम करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पंकज चौधरी और धर्मपाल सिंह सम्मानित करेंगे। जिला स्तर पर भी सम्मान समारोह होंगे।
मंगलवार से जनसंपर्क अभियान
कार्यक्रमों की वृहद श्रृंखला में पार्टी मंगलवार से गांव – गांव जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी। अभियान 12 अप्रैल तक चलेगा। अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता गांवों, बस्तियों और मोहल्लों में पहुंचकर आमजन से संवाद करेंगे तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएंगे।
