झांसी में तैनात अपर जिला जज (एससी-एसटी ऐक्ट) आदित्य चतुर्वेदी को न्यायालय परिसर में बम से उड़ा देने की धमकी भरा पत्र भेजा गया है। शुक्रवार दोपहर में पत्र मिलते ही खलबली मच गई। न्यायालय परिसर में भारी पुलिस फोर्स पहुंच गया। सुरक्षा व्यवस्था भी तगड़ी कर दी गई। डाक से भेजा गया पत्र मोहम्मद सलीम मंसूरी के नाम से है, जिसमें धमकी दी गई कि लखनऊ जिला न्यायालय में तैनाती के दौरान न्यायिक अधिकारी ने कई मुकदमों में हमारी कौम के बेगुनाह लोगों को सजा सुनाकर घर तबाह किए। नवाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
न्यायालय परिसर की बढ़ाई गई सुरक्षा
न्यायिक सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम हाथ से लिखा पत्र मिला। पत्र में लिखा गया कि हमारी कौम के बेगुनाह लोगों को सजा सुनाकर घर तबाह कर दिया। हम सभी लोग कई दिनों से इनकी गतिविधियों को ध्यान से देख रहे हैं। सात से 30 अप्रैल के दौरान न्यायालय परिसर में बम से उड़ा देने की धमकी दी गई। इस पत्र से एसएसपी को अवगत कराया गया। थोड़ी ही देर में न्यायालय परिसर में भारी सुरक्षा बल पहुंच गया। पहले से मौजूद सुरक्षा बल को भी सतर्क कर दिया गया।
मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी
पुलिस ने परिसर में सभी स्थानों की तलाशी ली। संदिग्धों पर निगाह रखी जा रही है। एएसपी अरीबा नोमान का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
मामले की जानकारी देतीं एसीपी अरीबा नोमान