माधौगढ़। कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुरा गांव में सोमवार देर रात चोरों ने भैंस व्यापारी के घर को निशाना बनाया। पीछे के रास्ते से घर में घुसे चोरों ने कमरे की कुंडी काटकर नगदी और सोने-चांदी के जेवरात सहित लाखों का माल पार कर दिया।
जानकारी के अनुसार भैंस व्यापारी मुलू सिंह परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर मकान के पीछे से अंदर दाखिल हो गए। उन्होंने बड़ी सफाई से कमरे की कुंडी काटी और अंदर घुसकर बक्सा व अलमारी को खंगाल डाला।
चोर करीब 2.60 लाख रुपये, सोने की चार अंगूठियां, जंजीर, मंगलसूत्र, बृजवाला समेत चांदी के आभूषण समेटकर भाग गए। घर के दूसरे कमरे में सो रही मां जेठी और पत्नी पुष्पा देवी को घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिजनों ने कमरे की टूटी कुंडी और बिखरा सामान देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और घटना को लेकर भारी आक्रोश और भय का माहौल बन गया।
सूचना पर कोतवाल अभिलाष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।कोतवाल का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
