झांसी। हेतमपुर व धौलपुर रेलखंड में रविवार पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई यात्रियों की मौत प्रकरण में मंडल रेलवे ने जांच शुरू कर दी है।
घटना के समय मौजूद ट्रेन यात्रियों के अलावा प्रत्यक्षदर्शियों से घटना संबंधी साक्ष्य मांगे है। वहीं रेलवे ने उदयपुर इंटरसिटी व पातालकोट एक्सप्रेस के ट्रेन स्टाफ को बयान देने के लिए तलब किया है। हेतमपुर व धौलपुर के बीच चल रही उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग की अफवाह से यात्रियों ने चेन पुलिंग कर सेक्शन में गाड़ी को रोककर कोच से उतर गए। इसी बीच आगरा से झांसी आ रही पातालकोट एक्सप्रेस के आने के कारण पटरी पर खड़े यात्रियों में भगदड़ मच गई। हादसे में तीन यात्रियों सहित एक मासूम की मौत हो गई। घटना की सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने पूरे मामले की जांच के लिए जूनियर प्रशासनिक ग्रेड स्तर के अफसरों की टीम का गठन कर दिया।
अफसरों ने सार्वजनिक रूप से उन यात्रियों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से साक्ष्य या वीडियो, फोटो मांगे है, जो हादसे से संबंधित है। इतना ही नहीं यदि कोई यात्री प्रत्यक्ष रूप से बयान दर्ज कराना चाहता है तो वह वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से दे सकता है और ई-मेल के जरिए भी बयान दर्ज करा सकता है। वहीं जांच टीम ने पातालकोट एक्सप्रेस के ट्रेन स्टॉफ को बयान देने के लिए विभागाध्यक्षों को सूचना जारी की है।
