उरई। मलंगा नाला पर निर्माणाधीन पुल के पास बारिश में अस्थायी पुल बह जाने से परेशान ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने ग्राम रंगोली पहुंचकर पुल निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवागमन बहाल करने के लिए पाइप डालकर पक्का अस्थायी डायवर्जन बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर डायवर्जन का काम शुरू करा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि हाल में हुई भारी बारिश के कारण नाले में पानी का प्रवाह बढ़ गया था। इससे ग्रामीणों के आवागमन के लिए बनाया गया अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया। इसके चलते आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
डीएम ने निर्देश दिए कि डायवर्जन का निर्माण इस तरह कराया जाए कि पुल का मूल निर्माण कार्य प्रभावित न हो। मौके पर टीम, मशीनरी और पर्याप्त मानव संसाधन लगाकर काम शुरू कराया गया है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि पक्के अस्थायी डायवर्जन को दो से तीन दिन में तैयार कर आवागमन सुचारु करने का लक्ष्य रखा गया है।
डीएम ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं। ग्रामीणों ने पुल का स्थायी निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की। इस पर डीएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न आने देने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
