कोंच/जालौन। रक्षाबंधन के दूसरे दिन शनिवार को कोंच और जालौन नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में कजली (भुजरिया) पर्व धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने घरों में बोई गई भुजरियों को तालाबों तक पहुंचाया और विधि-विधान से विसर्जित किया। इसके बाद एक-दूसरे को भुजरियां देकर शुभकामनाएं दीं।
कोंच के प्रतापनगर स्थित भुजरया तालाब में भुजरियों के विसर्जन के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। गीत गाती टोलियां तालाब तक पहुंची। विसर्जन के बाद कई महिलाएं भुजरियां लेकर लौटी और परिचितों को बधाई दी। मालवीय नगर स्थित काली मंदिर पर भी कजली मेला लगा, जहां लोगों ने भुजरियां अर्पित कर शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने मेले में खिलौने खरीदे और झूलों का आनंद लिया। जालौन नगर में मुरलीमनोहर तालाब सहित कई स्थानों पर भुजरियों का विसर्जन हुआ। देवी मंदिरों से तालाबों तक पहुंची महिलाओं ने बुंदेली लोकगीत गाए। शाम को पुरुषों ने भी परिचितों के घर जाकर शुभकामनाएं दीं।
जालौन के पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौराहे पर कजली मेले में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भीड़ उमड़ी। खिलौने, झूले, चाट-पकौड़े और अन्य दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही। नगर पालिका ने स्टॉल लगाकर मेले में आने वालों का स्वागत किया। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने लोगों को शुभकामनाएं दीं। एसडीएम राकेश सोनी, सीओ अजय कुमार सिंह और प्रभारी कोतवाल लालबाबू मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल ने सुरक्षा गश्त की।
