झांसी। शासन ने 31 अक्तूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन महानगर की सभी सड़कों के गड्ढे तय समयसीमा में भर पाना मुश्किल है। नगर निगम की ओर से चार कार्यों के लिए निकाली गई निविदा में किसी भी फर्म ने रुचि नहीं दिखाई। ऐसे में इन कार्यों के लिए दोबारा टेंडर निकाला गया है। अब 22 अक्तूबर को दोपहर तीन बजे तक निविदाएं डाली जा सकेंगी। इसके बाद निविदा प्रक्रिया पूरी होने और काम शुरू होने में समय लगेगा।

बारिश के दौरान महानगर की कई सड़कों की हालत खराब हो गई थी। कहीं बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं तो कहीं डामर की ऊपरी परत उखड़ गई है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही हादसों का खतरा भी बना हुआ है। 15 सितंबर को मानसून समाप्त होने के बाद बारिश थम गई थी। इससे पहले नगर निगम प्रशासन ने जोनवार सर्वे कराकर जर्जर सड़कों की सूची तैयार की थी।

इसके तहत 15 कार्यों की निविदा प्रक्रिया इसी महीने पूरी होने के बाद निर्माण और मरम्मत का काम शुरू हो गया है। हालांकि, चार कार्यों के लिए दोबारा निविदा निकालनी पड़ी है। ऐसे में इन सड़कों की मरम्मत समयसीमा के भीतर पूरी होने पर संशय है। नगर निगम के मुख्य अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि दोबारा निकाली गई निविदा में 22 अक्तूबर को दोपहर बाद तीन बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे।

ये काम अब तक नहीं शुरू

– वार्ड पांच ईसाईटोला में हॉटमिक्स प्लांट से पैच मरम्मत

– वार्ड तीन भट्टागांव में हॉटमिक्स प्लांट से पैच मरम्मत

– वार्ड 58, 51, 55, 44, 47, 35, 57, 36, 46, 49 और 56 सहित अन्य वार्डों में पैच मरम्मत

– वार्ड 50, 39, 48, 27, 32, 30, 60, 52, 54, 4 और 14 सहित अन्य वार्डों में पैच मरम्मत

नवीनीकरण के 17 कामों के लिए भी दोबारा टेंडर

नगर निगम ने महानगर में सड़कों के नवीनीकरण से जुड़े 17 कार्यों के लिए भी दोबारा निविदाएं निकाली हैं। इनकी अनुमानित लागत 1.20 करोड़ रुपये है। इन कार्यों को दो से तीन महीने में पूरा किया जाना है। निविदा डालने की अंतिम तिथि 24 अक्तूबर को अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित है। ऐसे में निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन कार्यों का शुरू होना नवंबर से पहले संभव नहीं दिख रहा है।

खालसा रोड पर बनते ही टूटने लगी सड़क

झांसी। सीपरी बाजार स्थित खालसा रोड पर नगर निगम ने चार दिन पहले ही सड़क का निर्माण कराया था, लेकिन यह जल्द ही टूटने लगी। स्थानीय दुकानदार गोविंद गुप्ता के मुताबिक, सड़क पर पहले से बड़ा गड्ढा था। निर्माण के दौरान उसे ठीक से दुरुस्त करने के बजाय उसके ऊपर डामर डाल दिया गया। अब बड़े वाहनों के गुजरने से सड़क टूटने लगी है।

गोविंद गुप्ता ने नगर निगम प्रशासन से शिकायत कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क टूटने से हादसे का खतरा बना हुआ है। नगर निगम के मुख्य अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *