झांसी। रेलवे लाइनों पर शंटिंग और ट्रेनों की आवाजाही के चलते नगरा-प्रेमनगर क्षेत्र के हजारों लोग रोजाना ट्रैफिक जाम में फंस रहे हैं। सुबह के समय स्कूली बच्चों के वाहन से लेकर ड्यूटी पर जाने वाले रेलवे कर्मचारी और स्टेशन पहुंचने वाले यात्री तक परेशान होते हैं।

स्थायी समाधान के लिए जिला जनकल्याण महासमिति ने रेलवे वर्कशॉप स्टोर से डीआरएम कार्यालय तक रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनवाए जाने की मांग को लेकर डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार तिवारी की अगुवाई में ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि इन इलाकों से प्रतिदिन हजारों लोगों को रेलवे स्टेशन, डीआरएम कार्यालय, डीजल शेड, एसी शेड, रेलवे अस्पताल और वर्कशॉप तक पहुंचते हैं। रास्ते में 23 से अधिक रेलवे लाइनें होने के कारण शंटिंग और ट्रेनों की आवाजाही के दौरान बार-बार आवागमन रोकना पड़ता है। स्कूली बच्चों के वाहन जाम में फंस जाते हैं। यात्रियों को ट्रेन छूटने की चिंता रहती है तो रेलवे कर्मचारियों को ड्यूटी स्थल तक पहुंचने में देरी होती है। उन्होंने रेलवे वर्कशॉप स्टोर से डीआरएम कार्यालय तक ओवरब्रिज निर्माण की संभावनाओं का तकनीकी सर्वेक्षण कराने और आगे की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। इस दौरान आरएन उपाध्याय, एमपी द्विवेदी, प्रधान इंदरपाल सिंह खनूजा, बीपी नायक, अजय तिवारी, धर्मेंद्र कारलेकर, पंकज झा, सतेंद्र तिवारी आदि शामिल रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *