झांसी। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। वाराणसी, अयोध्या, अलीगढ़ और लखनऊ की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में खेल विभाग की ओर से किया जा रहा है।
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में वाराणसी ने प्रयागराज को 17-8 से हराया। अयोध्या ने मिर्जापुर को 16-0 से शिकस्त दी। क्वार्टर फाइनल में सबसे निराशाजनक हार मिर्जापुर के नाम दर्ज हुई, क्योंकि इस टीम के लिए कोई भी खिलाड़ी गोल नहीं कर सका। वहीं, आजमगढ़ ने बस्ती को 14-13 के करीबी अंतर से पराजित किया, जबकि लखनऊ ने गोरखपुर को 20-16 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।
अपराह्न 3:00 बजे होगा फाइनल
इससे पहले खेले गए लीग मुकाबलों में सहारनपुर ने मुरादाबाद को 2-0 से, अयोध्या ने प्रयागराज को 15-9 से, अलीगढ़ ने प्रतिद्वंद्वी देविपाटन को 17-7 से, गोरखपुर ने कानपुर को 10-8 से और लखनऊ ने आजमगढ़ को 8-7 से हराया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले शनिवार को सुबह 10:30 बजे से खेले जाएंगे। इसके बाद अपराह्न तीन बजे फाइनल मुकाबला होगा। मैचों का निर्णय करने में प्रेम प्रकाश सिंह, एम. तोमर, बैजनाथ यादव, पंकज यादव, सूर्यमान, सुधीर कुमार सिंह, अतुल, मयंक, उज्ज्वल सोनकर, सोनू त्यागी, विकास उपाध्याय और मीरा यादव ने भूमिका निभाई। इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
