मोंठ। खराब मौसम और बारिश की आशंका के कारण गल्ला व्यापार संघ मोंठ ने शनिवार को मंडी बंद रखने का निर्णय लिया है। व्यापारियों ने मंडी सचिव को पत्र सौंपकर नीलामी प्रक्रिया न करने की जानकारी दी है। यह फैसला खुले में रखी उपज के खराब होने के भारी जोखिम को देखते हुए लिया गया है।

शुक्रवार को भी मौसम खराब होने से सुबह 10 बजे की नीलामी नहीं हुई। किसानों ने धान न खरीदे जाने की शिकायत मंडी सचिव से की। इस पर मंडी सचिव सीएन मिश्रा ने किसानों और व्यापारियों की एक बैठक बुलाई। व्यापारियों ने आसमान में छाए बादलों और नमी के कारण धान खरीदने में हिचकिचाहट जताई। बैठक के बाद शुक्रवार दोपहर दो बजे की नीलामी तो हुई, लेकिन पूरी खरीद न होने से किसान निराश रहे। मंडी में लगातार धान की आवक बढ़ रही है। किसान रोजाना दर्जनों ट्रैक्टर लेकर मंडी पहुंच रहे हैं।

नीलामी रुकने की पूर्व सूचना न मिलने से आसपास के ग्रामीण इलाकों से किसान मंडी पहुंच रहे हैं। मंडी परिसर और प्रवेश मार्गों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गई हैं। खुले आसमान के नीचे खड़े किसानों को धान भीगने और बर्बाद होने का खतरा सता रहा है। गल्ला संघ के अनुसार, शनिवार के बाद मौसम ठीक होने पर ही धान की नीलामी होगी। बैठक में मंडी सचिव सीएन मिश्रा, अजय मोहन गुप्ता, अरविंद अग्रवाल, हेमंत गुप्ता अमर सिंह यादव, संतोष यादव, प्रशांत यादव, मुकीम खान, पंकज कुमार, मानवेंद्र सिंह, किसान नेता सुरजीत सिंह राजपूत आदि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *