कालपी (उरई)। कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की हत्या के मामले में पुलिस ने नया खुलासा किया है। 32 बीघा (छह हेक्टेयर) जमीन के विवाद में मैनपुरी व हाल कानपुर निवासी ठेकेदार इंद्रजीत यादव ने अधिवक्ता की हत्या कराने के लिए कानपुर निवासी मोनू यादव को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस मोनू की तलाश कर रही है उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
मोनू ने तीन शूटर सर्वेश शुक्ला, आशीष विश्वकर्मा और केशव कटियार (तीनों कानपुर निवासी) के माध्यम से 31 अक्तूबर को गयादीन का अपहरण कराया और फिर 70 किलोमीटर दूर कानपुर के गुजैनी में हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने तीनों शूटरों के साथ सुपारी देने के आरोपी इंद्रजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सुरेश चंद रावत ने बताया कि मोनू के पिता अजय यादव के मोबाइल से इंद्रजीत और मोनू के बीच घटना से पहले और बाद के व्हाट्सएप चैट मिले हैं। इन्हीं के आधार पर हत्या की साजिश और सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित एनएसए की भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं साजिश में सहयोग करने पर मोनू के पिता अजय को भी गिरफ्तार किया जाएगा।