अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी-ललितपुर हाईवे पर बिजौली के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से चार बकरियों की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद महिला की जान बाल-बाल बची। इससे नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। किसी तरह समझा-बुझाकर उनको हाईवे से हटाया गया। डंगरिया रुद्र निवासी मंजुली रजक हाईवे किनारे बकरियां चरा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी दौरान बकरियां सड़क के नजदीक पहुंच गईं। तभी बबीना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनको अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला को हजारों का नुकसान हुआ। नाराज ग्रामीण हाईवे पर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर बिजौली चौकी प्रभारी विवेकानंद भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। थाना प्रभारी शेर सिंह के मुताबिक परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
