सिरसा कलार। सरकार की हर घर नल योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को घर-घर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है, लेकिन जहटौली गांव में योजना की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। यहां घरों तक पानी पहुंचने से पहले ही पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज होने से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। वहीं, सड़कों पर लगातार पानी बहने से सीसी रास्ते भी उखड़ने लगे हैं।

नमामि गंगे परियोजना के तहत करीब 3500 की आबादी वाले जहटौली गांव में घर-घर नल से स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए गलियों में पाइपलाइन बिछाई गई है। हालांकि, अभी तक पूरे गांव में योजना का काम पूरा नहीं हो सका है। करीब 50 घरों के बाहर प्लास्टिक के पाइप लगाकर छोड़ दिए गए हैं। इन पाइपों से पानी निकलकर सीधे नालियों में बह रहा है। जिन स्थानों पर पानी की आपूर्ति शुरू हुई है, वहां भी पाइपलाइन में लीकेज की समस्या सामने आ रही है।

गांव में बड़े लाल के मकान के पास सीसी सड़क में पाइपलाइन लीकेज होने से लगातार पानी बह रहा है। वहीं, शब्बीर के घर के सामने भी बड़ा लीकेज होने के कारण रोजाना हजारों लीटर पानी बहकर तालाब तक पहुंच रहा है।

ग्रामीण भूरे सिंह, जितेंद्र सिंह, जुवेद खां और मुकेश का कहना है कि पूरे गांव में अभी तक घरों तक पानी की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। कई घरों में नल तक नहीं लगाए गए हैं। वहीं, जिन स्थानों पर पाइपलाइन बिछाई गई है, वहां लीकेज के कारण पानी बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर हजारों लीटर पानी खुलेआम नालियों और तालाब में बह रहा है।

अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि उन्हें अभी लीकेज की जानकारी नहीं है। जहां भी पाइपलाइन में लीकेज है, उसे जल्द ठीक कराया जाएगा और शेष काम भी पूरा कराया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *