झांसी। बागेश्वर धाम प्रमुख कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर कार्रवाई की मांग की गई है। बुंदेलखंड क्रांति सेना के संरक्षक राजेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में सर्व समाज के लोगों ने जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि शास्त्री ने अपने प्रवचन के दौरान भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के मध्य कथित अमर्यादित टिप्पणी की। उन्होंने दोनों देवताओं की आकृति और जन्मस्थली पर भेद उत्पन्न करने का प्रयास किया। इससे देश के करोड़ों हिंदू श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन में बताया गया कि भगवान राम और श्रीकृष्ण में कोई अंतर नहीं है। उनकी टिप्पणी से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष देशराज रिछारिया, डॉ. राजेश यादव और महाराज हरिदास भी शामिल थे।
