झांसी। भोजला गल्ला मंडी में उड़द की दाल से भरी दो बोरियां चुराकर ले जाते दो आरोपियों को आढ़तियों ने दबोच लिया। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस को दोनों सौंप दिए। इस मामले की रिपोर्ट थाना सीपरी बाजार में दर्ज कराई गई है।
आढ़ती नारायण दास साहू निवासी डड़ियापुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी भोजला गल्ला मंडी में फर्म है। उन्होंने बताया कि इन दिनों मंडी में किसानों से खरीद का काम चल रहा है। इसके चलते उनकी फर्म के बाहर किसानों से खरीदी गई उड़द, मूंगफली और तिली की बोरियां रखी रहती हैं। पिछले कई दिनों से उड़द की बोरियां दुकान के बाहर से चोरी हो रही थीं। चार नवंबर की रात आरोपियों ने उड़द से भरी दो बोरियां चुराकर मंडी की चहारदीवारी के पास झाड़ियों में छिपा दीं।
आरोपी जब बाइक पर बोरियां लादकर ले जा रहे थे, तो उन्होंने गल्ला मंडी अध्यक्ष अतीत राय, सतीश राय, शत्रुघ्न साहू, दिनेश गुप्ता के साथ उन्हें दबोच लिया। इसकी सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपियों ने अपना नाम देवेंद्र यादव और सुरेंद्र यादव बताया है। देवेंद्र गांव भोजला और सुरेंद्र यादव टीकमगढ़ के जैरोन का रहने वाला है। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे का कहना है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
