दीपावली का पर्व मनाने के लिए लखनऊ आने व यहां से जाने वालों का सिलसिला रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों में नजर आया। भीड़ को आरपीएफ व जीआरपी नियंत्रित करती रही। वहीं दूसरी ओर रोडवेज बसों से संचालित होने वाली बसों में भी खचाखच भीड़ रही।
रविवार को दीपावली का पर्व मनाया जाना है। ऐसे में दिल्ली, मुंबई, जयपुर, चंडीगढ़, पटना आदि जगहों से लखनऊ आने वालों का सिलसिला शुक्रवार से शुरू हो गया। पुष्पक एक्सप्रेस, गोमती, लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, कैफियात सहित दो दर्जन से अधिक ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रही। चारबाग, जंक्शन व गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर भीड़ देखने को मिली।
वहीं दूसरी ओर प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, रायबरेली, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर, हरदोई, शाहजहांपुर, सहारनपुर, मेरठ आदि जगहों पर लखनऊ से रवाना होने वाले यात्रियों का हुजूम भी रेलवे स्टेशनों पर उमड़ा। ट्रेनों की जनरल बोगियों से लेकर एसी बोगियों तक में यात्रियों की भीड़ नजर आई। इससे आरक्षण करवाकर सफर करने वालों की मुश्किलें बढ़ी।
