झांसी। धनतेरस के दौरान ट्रैफिक प्लान की वजह से कुछ जगहों पर तो राहत दिखी। वहीं, कुछ जगहों पर लोग पूरा समय जाम से हलाकान होते रहे। मानिक चौक, सुभाषगंज आदि इलाकों में ई-रिक्शा और ऑटो की नो एंट्री से लोगों को राहत हुई।
पुलिस ने सिंधी तिराहा और खंडेराव गेट से ही वाहनों की आवाजाही रोक दी। दतिया गेट बाहर की तरफ से आने वाले ई रिक्शा भी बाजार की ओर नहीं जाने दिया गया। इस वजह से खास तौर से इन इलाकों में आवाजाही अन्य दिनों के मुकाबले थोड़ा आसान रही। दूसरी तरफ सीपरी बाजार इलाके में लोगों को जाम से जूझना पड़ा। दोपहर में ही नंदनपुरा, टंडन रोड और रस बहार तिराहे के पास वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। यहां से निकलने में लोगों को काफी परेशानी हुई। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। सीओ ट्रैफिक रामवीर सिंह समेत पुलिस टीम को जाम खत्म कराने में कई घंटे मशक्कत करनी पड़ी। हैबट मार्केट, बस स्टैंड समेत इलाइट चौराहे पर भी शाम को भीड़ बढ़ने की वजह से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रही।
