झांसी। रक्सा में किराना स्टोर की आड़ में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री की जा रही थी। सूचना मिलने पर शुक्रवार शाम को पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने छापा मारकर तीन कार्टन समेत एक बोरी में भरे पटाखे बरामद किए। पुलिस ने दुकान संचालक महिला पिंकी साहू (44) को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ (सदर) सिमरन सिंह की अगुवाई में कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने शिवानी किराना स्टोर पर तलाशी ली। यहां बिना लाइसेंस के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने फायर सर्विस की टीम को भी मौके पर बुलाया था। सीओ सदर सिमरन सिंह ने बताया कि रिहायशी इलाके में पटाखों के अवैध भंडारण की बात मालूम चलने के बाद यह कार्रवाई की गई। आरोपी महिला के खिलाफ रक्सा थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
