यूपी के बाराबंकी में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। फतेहपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने किसान को रौंद दिया। हरख में कार की टक्कर से बाइक सवार बैंककर्मी की मौत हो गई। वहीं, देवा में कार और बुलेट की भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई।
ट्रक की चपेट में आने से किसान की मौत
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में सिहाली से अजीजमऊ गांव जाने वाले मार्ग पर हावपुर गांव निवासी मनीराम (42) शनिवार दोपहर घर से निकले थे। वह सड़क किनारे लघुशंका के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सिहाली की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मनीराम किसान थे। उनके तीन बेटे हैं।
कार की टक्कर से बैंककर्मी की मौत, बेटा घायल
हैदरगढ़-बाराबंकी राजमार्ग पर हरख के राजा बाजार के पास बाराबंकी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मजीठा गांव निवासी राजबहादुर (65) की मौत हो गई, जबकि उनका 24 वर्षीय बेटा घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, राजबहादुर हरख से गेहूं पिसाकर बेटे के साथ घर लौट रहे थे। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सीओ संगम कुमार ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, राजबहादुर शहर स्थित सहकारी बैंक में कर्मचारी थे।
कार-बुलेट की भिड़ंत में युवक की मौत
देवा-चिनहट मार्ग पर सिपहिया गांव के पास लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार और देवा की तरफ जा रही बुलेट बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र के सुरक्षा गांव निवासी नाजिम (30) की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि नाजिम के भाई हाशिम की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
