जिला प्रशासन ने जांच के बाद ‘मोहम्मद इकबाल भीख मांगते हैं’ पोस्ट करने वाले को किया चिह्नित, अब कानूनी कार्रवाई की तैयारी

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन की मतदाता सूची में गड़बड़ी का दावा करते हुए एक व्यक्ति ने एआई की मदद से एक मतदाता के पिता के नाम में आपत्तिजनक शब्द जोड़ दिए। इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जिला प्रशासन ने जांच के बाद पोस्ट को भ्रामक पाया है। पोस्ट करने वाले व्यक्ति को चिह्नित कर लिया गया है। अब उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ी वाले कई नामों की सूची सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। जांच के दौरान इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 30 से अधिक मतदाताओं या उनके पिता के नामों में तकनीकी त्रुटियों की पुष्टि हुई थी। इनमें दो त्रुटियां झांसी की थीं। प्रशासन ने इन गलतियों को तत्काल दुरुस्त भी करा लिया था।

इसी बीच झांसी स्थित लोकमान्य तिलक कन्या इंटर कॉलेज के निर्वाचन केंद्र के कक्ष संख्या एक के मतदाता अफजल अहमद के पिता मोहम्मद इकबाल के नाम को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। इसमें दावा किया गया कि मतदाता सूची में उनके पिता का नाम ‘मोहम्मद इकबाल भीख मांगते हैं’ दर्ज है।

शुक्रवार को कलक्ट्रेट में पत्रकार वार्ता के दौरान डीएम गौरांग राठी ने इस प्रकरण की जांच का हवाला देते हुए बताया कि निर्वाचन में इस्तेमाल की गई मतदाता सूची में अफजल अहमद और उनके पिता का नाम मोहम्मद इकबाल बेग सही दर्ज पाया गया। इसकी पुष्टि मतदाता से भी कराई गई।

अफजल अहमद ने बताया कि मतदान के दिन राजनीतिक दल के बस्ते से मिली पर्ची और मतदाता सूची, दोनों में उनका और उनके पिता का नाम सही था। मतदान के दौरान उन्हें किसी तरह की असुविधा भी नहीं हुई। डीएम ने कहा कि जांच में सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना भ्रामक पाई गई है। इस मामले में एआई से बनाकर भ्रामक पोस्ट करने वाले व्यक्ति को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भ्रामक सूचना को आगे प्रसारित न करें और न ही किसी अन्य उद्देश्य से इसका इस्तेमाल करें।

झांसी के दो गलत नाम दर्ज होने पर ईआरओ से जवाब तलब

डीएम ने बताया कि झांसी में दो मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में गलत दर्ज होने के मामले में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) से जवाब तलब किया गया है। एक मतदाता के नाम के आगे ‘ने कहा’ शब्द दर्ज मिला था, जबकि दूसरे मतदाता का नाम अधूरा लिखा हुआ था। प्रशासन ने इन त्रुटियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *