झांसी। मऊरानीपुर के बस स्टैंड से अमृतसर के सराफा कारोबारी गुरकीरत सिंह के 5.46 करोड़ रुपये के जेवर चोरी मामले में पुलिस सिर्फ एक आरोपी को गिरफ्तार कर सकी। चोरी हुए गहनों का भी पता नहीं चला है। छानबीन में पुलिस को मालूम चला कि गैंग में शामिल सभी छह बदमाश महाराष्ट्र के हैं। इसमें एक परिवार के पिता समेत दो भाई भी शामिल हैं। अब पुलिस फरार पांच बदमाशों को महाराष्ट्र में तलाश रही है।
28 अक्तूबर को सराफा कारोबारी गुरकीरत के दो बैग सफेद रंग की स्काॅपियों सवार पांच बदमाश चोरी कर ले गए। करीब 2000 किलोमीटर तक सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर पुलिस को बदमाशों का सुराग मिला। पुलिस ने महाराष्ट्र के महालंगी गांव निवासी अमोल मारुति पिटेकर (29) को पकड़ा। पूछताछ में उसने कई अहम राज उगले। उसने बताया गिरोह चोरी की वारदात ही अंजाम देता है।
महालंगी गांव निवासी मारुति राजाराम ने अपने दोनों बेटों अमोल और लक्ष्मण को भी गिरोह में शामिल कर रखा है। इसके साथ ही उसने बालवड़, सोलापुर एवं सतारा के बदमाशों को शामिल कर रखा है। पुलिस को मालूम चला कि कार में पांच बदमाश सवार थे, जबकि मास्टरमाइंड मारुति राजाराम मोबाइल से उनको लोकेशन भेज रहा था। सारा प्लान भी मारुति ने ही बनाया था। पुलिस के पहुंचने के बाद मारुति अपने बेटे लक्ष्मण के साथ भाग निकला, जबकि अमोल पकड़ा गया। पुलिस पांचों की तलाश में महाराष्ट्र में डेरा डाले हुए है। एसएसपी विकास कुमार का कहना है कि इस मामले में वांछित अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। उनके बारे में भी पुलिस को अहम सुराग मिला है।
जेवर बरामदगी न होने से व्यापारियों में नाराजगी
मऊरानीपुर। अमृतसर के सराफा व्यापारी के 5.46 करोड़ रुपये के जेवरात चोरी मामले में पुलिस के खुलासे के बावजूद चोरी हुए जेवर बरामद न किए जाने से सराफा कारोबारियों में नाराजगी है। सराफा वेलफेयर एसोसिएशन ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि दीपावली के बाद इस मामले में कारोबारी आंदोलन करेंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि झांसी, ग्वालियर, सतना, बांदा, छतरपुर के सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों को यहां बुलाकर रणनीति बनाई जाएगी। महामंत्री जगदीश प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि दीपावली के बाद उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये के जेवर चोरी होने के बाद भी पुलिस सिर्फ 1.40 लाख रुपये ही नकद बरामद कर सकी। संवाद
