= घरों तक नहीं पहुंचा पानी, जिले के नौ ब्लॉकों में करीब सौ गांवों में अधूरे काम की मार झेल रहे ग्रामीण,
= पाइपलाइन बिछाने के बाद नहीं लगीं टोटियां, शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार बेपरवाह
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। गांवों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई नमामि गंगे योजना ग्रामीणों के लिए अब परेशानी का सबब बनती जा रही है। योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए गांवों की गलियों और मुख्य मार्गों को खोद दिया गया, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़कों की मरम्मत कराना जिम्मेदार भूल गए। कहीं पांच साल से सड़कें बदहाल पड़ी हैं तो कहीं पाइपलाइन बिछाने के बाद भी घरों तक पानी नहीं पहुंचा। कई गांवों में घरों के बाहर टोटियां लगा दी गईं, लेकिन पानी की टंकियां खड़ी होने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। जिले के नौ ब्लॉकों में करीब एक सैकड़ा गांवों में ग्रामीण इस अधूरे काम का खामियाजा भुगत रहे हैं।
योजना की जमीनी हकीकत देखने पर सामने आता है कि निर्माण कार्य और उसके बाद की व्यवस्थाओं के बीच बड़ा अंतर है। करीब 80 फीसदी घरों में नल की टोटियां लगाए जाने के बावजूद नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। दूसरी तरफ पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों को पहले जैसी स्थिति में नहीं लाया गया। बरसात में इन गड्ढों में पानी भर जाता है तो गर्मी में धूल उड़ती है। दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। कई जगह ग्रामीण खुद मिट्टी डलवाकर रास्ता चलने लायक बनाने को मजबूर हैं।
सिरसा कलार क्षेत्र के छानी अहीर गांव के पास बाबई मुख्य मार्ग पर पुल के आगे सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। ग्रामीणों के मुताबिक यहां पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन करीब दो माह बाद भी मरम्मत नहीं हुई। इस मार्ग से करीब 50 गांवों के लोगों का आवागमन होता है। सैकड़ों स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। रात में गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में तीन साल से पानी की टंकी खड़ी है, लेकिन अभी तक जलापूर्ति शुरू नहीं हुई।
कदौरा, कोंच और डकोर ब्लॉक के गांवों में भी योजना के काम की अलग-अलग तस्वीर सामने आ रही है। कहीं सड़कें खोदकर छोड़ दी गईं तो कहीं पाइपलाइन बिछने और टोटियां लगने के बाद भी पानी नहीं आया। कुछ जगह पाइप सड़क पर पड़े हैं और घरों तक कनेक्शन का काम अधूरा है।
केस –
पांच साल पहले खोदी सड़क, आज तक नहीं हुई मरम्मत
कदौरा। ब्लॉक क्षेत्र के खुटमिली गांव में नमामि गंगे योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब पांच साल पहले सड़क खोदी गई थी। इसके बाद जिम्मेदारों ने सड़क की मरम्मत कराना ही भूल गए। लंबे समय से सड़क बदहाल होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क को पहले जैसी स्थिति में कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन पांच साल गुजरने के बाद भी समस्या जस की तस है।
=========
पहाड़गांव में टोटियां लगीं, पानी नहीं आया
कोंच। ब्लॉक के पहाड़गांव में जल जीवन मिशन के तहत घरों में नल की टोटियां तो लगा दी गईं, लेकिन अभी तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। दूसरी ओर पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई गलियों की मरम्मत भी नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि रास्ते इतने खराब हो गए हैं कि खुद मिट्टी डलवाकर आवागमन लायक बनाना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक योजना का काम होने के बाद भी न तो घरों में पानी पहुंचा और न ही रास्तों की सूरत बदली।
========
कुसमिलिया के नवादा मोहल्ले में सड़क पर पड़े पाइप, कनेक्शन अधूरे
मुहम्मदाबाद। डकोर ब्लॉक के कुसमिलिया गांव के नवादा मोहल्ले में जल जीवन मिशन के काम की अधूरी तस्वीर सामने आई है। यहां पाइपलाइन बिछाने के बाद भी घरों में नल की टोटियां नहीं लगाई गई हैं। पाइप सड़क पर पड़े हुए हैं और काम अधूरा होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
===========
नलों में नहीं आ रहा पानी
पाइपलाइन बिछाने के नाम पर करीब पांच साल पहले सड़क खोदी गई थी। उम्मीद थी कि घरों तक पानी पहुंचेगा और सड़क भी बन जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नलों में पानी नहीं आ रहा और सड़क भी बदहाल पड़ी है। योजना का काम होने के बाद भी ग्रामीणों को उसका लाभ नहीं मिल रहा है। – शिवम रायकवार।
=========
सड़क की हालत पांच साल से खराब
मेरे घर के दरवाजे के सामने सड़क की हालत करीब पांच साल से खराब है। पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाता है। वाहन चालक गिरकर चोटिल होते हैं। कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। – लाला धुरिया।
==========
वर्जन
जिले में सभी जगह जलापूर्ति उपलब्ध कराने के लिए काम चल रहा है। सड़कों को दुरस्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को नवंबर तक काम करने के निर्देश दिए गए हैं। – शिवानी सिंह, एडीएम नमामि गंगे

फोटो – 15डकोर क्षेत्र में सफेद हाथी की तरह खड़ी टंकी। संवाद– फोटो : udhampur news

फोटो – 15डकोर क्षेत्र में सफेद हाथी की तरह खड़ी टंकी। संवाद– फोटो : udhampur news

फोटो – 15डकोर क्षेत्र में सफेद हाथी की तरह खड़ी टंकी। संवाद– फोटो : udhampur news

फोटो – 15डकोर क्षेत्र में सफेद हाथी की तरह खड़ी टंकी। संवाद– फोटो : udhampur news

फोटो – 15डकोर क्षेत्र में सफेद हाथी की तरह खड़ी टंकी। संवाद– फोटो : udhampur news
