झांसी। दिवाली पर घर-घर हो रही सफाई से शहर में कूड़े का ढेर लग गया है। सामान्य दिनों की तुलना में कचरे की मात्रा दोगुने से भी अधिक हो गई है। पिछले तीन दिनों में ही 1050 मीट्रिक टन से अधिक कूड़ा निकल चुका है। इससे निपटने के लिए नगर निगम का पूरा अमला जुटा हुआ है। कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों से लेकर डंपर और जेसीबी तक लगातार काम कर रहे हैं। हालात यह हैं कि कूड़ा उठाने और निस्तारण के लिए कर्मचारियों को आधी रात के बाद तक ड्यूटी करनी पड़ रही है।
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, सामान्य दिनों में शहर से रोजाना 150 से 200 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। नवरात्र के बाद से इसकी मात्रा में लगातार इजाफा हुआ है। दिवाली की सफाई के चलते पिछले तीन दिनों में 1050 मीट्रिक टन से अधिक कूड़ा बिजौली स्थित सॉलिड वेस्ट प्लांट पहुंचाया गया। शनिवार की आधी रात तक निगम का अमला शहर से कूड़े के ढेर हटाने में जुटा रहा।
दरअसल, दिवाली से पहले लोग घरों में महीनों से जमा पुराने सामान और अनुपयोगी वस्तुओं को बाहर निकालते हैं। घरों के साथ दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी बड़े पैमाने पर सफाई होती है। इससे सामान्य दिनों की तुलना में कचरे की मात्रा बढ़ जाती है। इसका असर डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों पर भी पड़ रहा है। सुभाषगंज, सराफा बाजार, नरिया बाजार, गांधीगर का टपरा, बिसाती बाजार, टंडन रोड, सीपरी बाजार, नानकगंज, नगरा और प्रेमनगर समेत कई व्यावसायिक इलाकों में सामान्य से अधिक कूड़ा निकल रहा है।
आवासीय इलाकों में भी यही स्थिति है। अयोध्यापुरी कॉलोनी, मसीहागंज, सिद्धेश्वर नगर, आईटीआई कंपाउंड, ताज कंपाउंड, तालपुरा और नालगंज समेत कई मोहल्लों में कूड़ा उठाने वाले वाहनों को दो से तीन अतिरिक्त चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत कुमार के मुताबिक, शुक्रवार को करीब 370 मीट्रिक टन कूड़ा बिजौली स्थित प्लांट पहुंचाया गया। अधिक कचरा निकलने के कारण प्रत्येक वाहन को तीन से चार फेरे लगाने पड़ रहे हैं।
दो पालियों में चलाना पड़ रहा प्लांट
शहर से कूड़े की बढ़ी मात्रा को देखते हुए बिजौली स्थित सॉलिड वेस्ट प्लांट में भी कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगानी पड़ रही है। पिछले तीन दिनों से प्लांट में दो पालियों में काम कराया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि कचरे की मात्रा बढ़ने के कारण प्लांट को आधी रात के बाद तक संचालित करना पड़ रहा है। इसके लिए कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।
