बबीना (झांसी)- बबीना में मुख्य मार्ग पर बनी जर्जर पुलिया बनी जानलेवा, प्रशासन व विभाग पर लापरवाही का आरोप
बबीना/(झांसी)नेशनल हाईवे-26 पर बबीना के स्वास्थ्य केंद्र के आगे स्थित पुलिया की हालत दिन-ब-दिन बेहद जर्जर होती जा रही है। पुलिया पर गहरे गड्ढे, दरारें और उखड़ी हुई सड़कों की परतों में भरे गंदे पानी से राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई है। यह मार्ग बबीना से झांसी और आस-पास के दर्जनों गांवों को जोड़ता है, जिस पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन चलते हैं।पुलिया ने तालाब का रूप धारण कर लिया हे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया पर बनी यह खतरनाक स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। वाहन फंसने की घटनाएं आम हो गई हैं।
रात के समय और बढ़ जाता है खतरा
रात के समय यह पुलिया और अधिक खतरनाक हो जाती है, क्योंकि वहां न तो रोशनी की व्यवस्था है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगा है। दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
मंदिर-मस्जिद जाने वालों को हो रही परेशानी
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पास ही मंदिर और मस्जिद होने के कारण श्रद्धालु व नमाज़ी जब वहां से गुजरते हैं तो गंदे पानी के छींटे उनके कपड़ों पर पड़ते हैं, जिससे कई बार तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।
विभाग की अनदेखी से जनता में आक्रोश
जनता का आरोप है कि कई बार लोक निर्माण विभाग (PWD) व प्रशासन को ज्ञापन व शिकायतें देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है, “यह पुलिया अब हादसे की जगह बन चुकी है, लेकिन विभागीय अफसर व नेता मूकदर्शक बने हुए हैं। योगी सरकार की छवि को पीडब्ल्यूडी खराब कर रहा है।”
मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से की गुहार
बबीना की जनता, व्यापारी, व जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व जिलाधिकारी झांसी से इस गंभीर स्थिति का संज्ञान लेने और पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
NH-44 पर हुए हादसे में बुजुर्ग की मौत, ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज-
बबीना (झाँसी)-बीते 4 मई को राष्ट्रीय राजमार्ग NH-44 पर बबीना थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। हादसे के करीब नौ दिन बाद मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मध्य प्रदेश के जिला शिवपुरी स्थित ग्राम बुढेरा निवासी रामकिशन यादव ने बताया कि उनके पिता प्रागीलाल यादव एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए ग्राम बघौरा आए थे। शाम करीब 6 बजे वह हाईवे किनारे अपने परिचित श्रीराम यादव के साथ बातचीत कर रहे थे, तभी ललितपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक (नंबर KA51AK32F11) ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में प्रागीलाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्रीराम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से एंबुलेंस के जरिए सीएचसी बबीना पहुंचाया गया।
रामकिशन ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार और अन्य जरूरी कार्यों में व्यस्त होने के कारण वह समय पर थाने नहीं आ सके। 13 मई को उन्होंने थाना बबीना में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने संबंधित ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक व चालक की तलाश शुरू कर दी है।
