अक्सर थानों में पुलिस कर्मियों की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठते रहे हैं। मगर अब जिले के सभी थानों की हर गतिविधि सीसीटीवी में कैद होगी। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय में बने विशेष डैशबोर्ड के जरिए अब हर थाने की 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
थानों में पारदर्शी व्यवस्था बनाने के लिए थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरे थाने के अंदर प्रवेश से लेकर गैलरी, लॉकअप, इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर से लेकर कर्मचारियों के कमरों तक को कवर करेंगे। जिससे पीड़ितों के आने-जाने से लेकर उनके साथ होने वाले व्यवहार आदि की पूरी जानकारी कैमरे के जरिए परखी जा सकेगी। उक्त कैमरों की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी अफसरों को दी जाएगी। कैमरों में ऑडियो व वीडियो का डाटा डेढ़ साल तक सुरक्षित रहेगा। इस अवधि में कभी-भी जांच की जा सकेगी।
जिले के सभी थानों सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। इससे कार्यप्रणाली में और भी पारदर्शिता आएगी। – आकाश कुलहरि, आईजी, झांसी परिक्षेत्र
