उरई। मुस्तरा स्टेशन पर मेमू ट्रेन के करीब 59 मिनट तक खड़े रहने से एसएससी-सीजीएल की परीक्षा छूटने के मामले में रेल प्रशासन हरकत में आ गया है। रेल मंत्री को ट्वीट के जरिए शिकायत पहुंचने के बाद उन्होंने झांसी मंडल के डीआरएम से जवाब मांगा है। इस पर डीआरएम ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक समेत संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।

बुधवार को कानपुर से झांसी जाने वाली मेमू ट्रेन (64608) उरई से रवाना होने के बाद मुस्तरा स्टेशन पर दोपहर 3:05 बजे पहुंची थी। यहां ट्रेन का निर्धारित ठहराव महज एक मिनट का है, लेकिन ट्रेन दोपहर 4:04 बजे तक खड़ी रही। करीब 59 मिनट की इस देरी के कारण ट्रेन झांसी स्टेशन पर शाम 4:19 बजे पहुंची, जबकि इसका निर्धारित समय दोपहर 2:55 बजे था। इस तरह ट्रेन 84 मिनट देरी से झांसी पहुंची।

ट्रेन की लेटलतीफी के चलते एसएससी की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा देने जा रहे नीरज, सुधांशु, अभिषेक, धर्मेंद्र, दीपांशु पटेल, अंशुल समेत करीब आधा दर्जन अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके। रिपोर्टिंग का समय निकल जाने के कारण उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली। इस मामले को अमर उजाला ने 30 अक्तूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद खबर को ट्वीट के माध्यम से रेल मंत्री के संज्ञान में लाया गया। रेल मंत्री के हस्तक्षेप के बाद डीआरएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *