अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। अमृत कार्यक्रम के तहत झांसी पुनर्गठन पेयजल योजना फेज-2 में माताटीला इंटेक वेल पर नए पंप स्थापित करने का काम शुक्रवार को पूरा हो गया। यहां चार पंप स्थापित करने के साथ कनेक्शन का काम भी पूरा कर लिया गया है। प्रत्येक पंप की क्षमता प्रतिदिन 70 एमएलडी पानी की आपूर्ति करने की है। जरूरत के अनुसार तीनों पंप एक साथ चलाए जा सकेंगे। एक अतिरिक्त पंप स्टैंडबाई के लिए भी स्थापित किया गया है। शनिवार से इनसे आपूर्ति भी पूर्व की तरह आरंभ कर दी जाएगी।

परियोजना के तहत माताटीला इंटेक वेल पर पहले से संचालित पंपों को हटाकर 1600 एमएम राइजिंग मेन में इंटर कनेक्शन किया गया है। इसके लिए 22 मीटर लंबी पाइप लाइन बिछाने का काम कराया गया। 27 अक्तूबर से यहां 70-70 एमएलडी क्षमता के चार पंप स्थापित करने का काम आरंभ हुआ था। नई पेयजल योजना के तहत इससे अब रोजाना 280 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो सकेगी जबकि अभी सिर्फ 90-100 एमएलडी पानी की महानगर में आपूर्ति होती है। इनमें भी 70 एमएलडी पानी पुरानी पाइप लाइन से दिया जाता है जबकि महज 35 एमएलडी पानी ही नई पाइप लाइन से मिलता है। जल निगम अफसरों का कहना है कि अभी महानगर की आवश्यकता करीब 120 एमएलडी पानी की है। ऐसे में दो पंप चलाकर यह मांग पूरी की जा सकती है। शेष दो पंप का संचालन आने वाले समय में किया जा सकेगा।

000

नए पंप स्थापित होने से पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। अब आवश्यकता के मुताबिक पीने का पानी महानगर को उपलब्ध कराया जा सकेगा। इनमें से एक पंप को स्टैंड बाई में रखा गया है, ताकि किसी पंप में तकनीकी खराबी आने पर वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध रहे।

मुकेश कुमार पाल

अधिशासी अभियंता, जल निगम



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *