उरई। नशे की लत से परेशान होकर एक पिता पर अपने ही बेटे की हत्या की साजिश का आरोप है। बेटे को रास्ते से हटाने के लिए उसने तीन लोगों को तीन लाख रुपये की सुपारी दी। पिता ने आरोपियों से साफ कहा था कि किसी भी तरह बेटा अब वापस नहीं आना चाहिए। इसके बाद आरोपियों ने नशा मुक्ति केंद्र से बेटे को निकलवाकर रास्ते में कार के अंदर ही रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर मध्य प्रदेश के भिंड जिले में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार शहर के मोहल्ला बजरिया निवासी रशीद अंसारी का बड़ा बेटा रहीस उर्फ शानू (27) काफी समय से नशे का आदी था। नशे की हालत में वह घर में तोड़फोड़ करता था। यहां तक कि घर में आग लगाने के लिए रसोई गैस सिलिंडर का रेगुलेटर खुला छोड़ देता था। इससे परिवार के लोगों को अनहोनी की आशंका बनी रहती थी। बेटे को नशे की लत से छुटकारा दिलाने के लिए पिता रशीद उसे तीन बार ग्वालियर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करा चुका था, लेकिन हर बार घर लौटने के बाद उसकी हरकतें फिर शुरू हो जाती थीं।
लगातार बढ़ती परेशानी से तंग आकर रशीद ने बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। इसके लिए उसने शहर के शिवपुरी निवासी गुड्डू और मुन्ना तथा माहिल तालाब के पास रहने वाले इजरायल से संपर्क किया। आरोप है कि उसने तीनों को बेटे की हत्या करने के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी दी। उसने आरोपियों से यह भी कहा था कि कैसे भी करके अब बेटा वापस नहीं लौटना चाहिए।
योजना के तहत आरोपियों ने शहर के रामनगर निवासी ज्ञान सिंह की अर्टिगा कार ली और उसे लेकर मध्य प्रदेश के भिंड पहुंच गए। 26 अक्तूबर को रशीद अंसारी ग्वालियर स्थित नशा मुक्ति केंद्र पहुंचा और वहां भर्ती बेटे रहीस उर्फ शानू को अपने साथ ले आया। उसने बेटे को आरोपियों के साथ कार में बैठा दिया और खुद पीछे से आने की बात कहकर वहां से चला गया।
इसके बाद कार में सवार आरोपियों ने रास्ते में ही रस्सी से गला कसकर रहीस की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर मध्य प्रदेश के भिंड जिले की देहात कोतवाली क्षेत्र में फेंक दिया और फरार हो गए। शव मिलने के बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान एक सीसीटीवी कैमरे में अर्टिगा कार का नंबर दिखाई दिया। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर छानबीन आगे बढ़ाई तो हत्या की साजिश में पिता समेत चार लोगों की भूमिका सामने आ गई।
इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने उरई पहुंचकर रशीद अंसारी, गुड्डू, मुन्ना और इजरायल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए हैं। शुक्रवार रात पुलिस चारों को अपने साथ मध्य प्रदेश ले गई। पुलिस अब हत्या की साजिश, सुपारी की रकम और आरोपियों के बीच हुए लेनदेन की जांच कर रही है।

फोटो – 01 मृतक रहीश उर्फ शानू की फोटो।
