झांसी। बिजौली स्थित शारदा देवी डिग्री कॉलेज में सोमवार को आयोजित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयीय टेबल टेनिस महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। महिला वर्ग में बांदा और पुरुष वर्ग में ललितपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
पुरुष वर्ग में नेहरू महाविद्यालय ललितपुर के नितिन साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सृजल ने तीसरे स्थान पर रहे। पहलवान गुरुदीन महाविद्यालय ललितपुर के अजय जोशी दूसरे स्थान पर रहे। शारदा देवी डिग्री कॉलेज के आदर्श वर्मा चौथे और बीयू परिसर के राकेश कुमार पांचवें स्थान पर रहे। महिला वर्ग में एकलव्य महाविद्यालय बांदा की तारिणी कुशवाहा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। शारदा देवी डिग्री कॉलेज की रोशनी झा ने दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विश्वविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी एवं खेल परिषद के सचिव डॉ. सूरज पाल सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर अपने प्रदर्शन में सुधार करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. विजेता सिंह राठौर, क्रीड़ा समिति के धीरज पाल, राजकुमार गौतम, पंकज सिंह और खेमराज आदि मौजूद रहे।
