रामपुरा। थाना क्षेत्र के ग्राम भटपुरा में करीब तीन माह पहले पेड़ पर फंदे से लटके मिले 30 वर्षीय युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

थाना क्षेत्र के ग्राम भटपुरा निवासी राघवेंद्र उर्फ बाबा पुत्र कैलाश दोहरे (30) का शव 30 जुलाई 2026 को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। घटना से एक दिन पहले 29 जुलाई को गांव में ताश खेलने को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसकी शिकायत उसकी मां मीरा देवी से की गई थी। इसके बाद मीरा देवी ने कुछ युवकों को राघवेंद्र को पकड़कर लाने के लिए भेजा था, लेकिन वह मौके से भाग गया था। रात में घर लौटने पर उसका मां से भी विवाद हुआ और वह घर से चला गया था। अगले दिन सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला था।

इस मामले में मृतक की मां मीरा देवी ने गांव के सुनील कुमार व विनोद कुमार, सत्येंद्र, अशोक कुमार, अज्जू और डंपी के खिलाफ मारपीट कर घायल करने और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। हालांकि, तत्कालीन थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज यादव की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।

इसके बाद मीरा देवी ने न्यायालय की शरण ली और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप लगाया गया है कि सभी ने एकराय होकर राघवेंद्र की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया था। साथ ही मृतक के भाई धर्मेंद्र को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। थाना प्रभारी केपी सरोज का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *