झांसी। झांसी रेल मंडल में सोमवार को मंडल खेलकूद संघ परिसर में नवीन फुटबॉल मैदान और सिंथेटिक वॉकिंग ट्रैक का डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने शिलान्यास किया। डीआरएम ने कहा खेलकूद केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है। यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का साधन है। झांसी मंडल में खेल प्रतिभाओं को पहचानने और प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ये सुविधाएं रेलकर्मियों और उनके परिवारों में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देंगी।
एडीआरएम (परिचालन) एवं मंडल खेलकूद अधिकारी नंदीश शुक्ल ने बताया कि रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ने इस परियोजना के लिए करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इससे वर्तमान फुटबॉल मैदान का नवीनीकरण किया जाएगा। इसे बेहतर खेल सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा। परिसर में सिंथेटिक वॉकिंग ट्रैक भी बनेगा। यह ट्रैक खिलाड़ियों और रेलकर्मियों को नियमित व्यायाम तथा शारीरिक तंदरुस्ती के लिए बेहतर वातावरण देगा। उन्होंने बताया कि खेलकूद संघ खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित कर रहा है।
इस दौरान एडीआरएम इन्फ्रा प्रेमप्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (टीआरडी) आरके वाघेला, जीतेंद्र कुमार शर्मा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आदि मौजूद रहे।
