झांसी। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस अफसरों के साथ बाजार में पैदल गश्त की। भारी पुलिस बल के साथ कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख सराफा बाजार में पहुंचे अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की।
एडीजी के साथ आईजी आकाश कुलहरि और एसएसपी विकास कुमार भी मौजूद रहे। गश्त के दौरान सराफा व्यापारियों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद हुई बैठक में पुलिस पिकेट की व्यवस्था, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग तथा सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता पर चर्चा की। अधिकारियों ने व्यापारियों और आमजन से संवाद कर सुरक्षा एवं सहयोग का भरोसा दिलाया। बाजार में आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिए।