बरुआसागर। जवाहर नवोदय विद्यालय में पुरातन छात्र सम्मान समारोह ‘नवोदय समागम’ का आयोजन हुआ। कार्यकारी अभियंता रजनीश कुमार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। प्राचार्य वीएस कुशवाहा ने समारोह की अध्यक्षता की। कार्यक्रम का प्रारंभ सरस्वती वंदना और छात्राओं के सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों से हुआ।
नवोदय विद्यालय के 2001 समूह के 25 वर्ष पूरे होने पर यह समागम आयोजित किया गया। पुरातन छात्र रामस्वरूप कुशवाहा और भगत सिंह ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने वर्तमान छात्रों को अपने कॅरिअर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सत्येन्द्र वर्मा और सरस्वती आर्य ने रोचक प्रसंग सुनाकर छात्रों का मनोरंजन किया।
इस अवसर पर विद्यालय में हुई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कक्षावार प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मान मिला। स्काउट गाइड छात्रों को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। अतिथियों और शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। पुरातन छात्रों ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर राजू प्रजापति, अरविंद कुमार, रमेश चंद्र, गनेश प्रसाद, सुषमा राजपूत, तपस्या आदि मौजूद रहे। संचालन विनय पस्तोर और सत्यप्रकाश ने किया।
