गरौठा। नगर में हर घर नल योजना के तहत पाइपलाइन में लीकेज और अधूरे कार्यों को लेकर प्रकाशित खबर का असर दिखाई देने लगा है। अमर उजाला में चार नवंबर को प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद जल निगम ग्रामीण ने समस्याओं को दूर कराने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। विभाग ने पाइपलाइन के लीकेज ठीक कराने और शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए हैं।
नगर में जगह-जगह पाइपलाइन में लीकेज होने और बिछाई गई पाइपलाइन को अब तक नहीं जोड़े जाने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद विभाग ने पाइपलाइन में सामने आ रही कमियों को दूर कराने की कार्रवाई शुरू की है।
लीकेज ठीक कराने पर जोर
योजना के तहत जहां भी पाइपलाइन में लीकेज और अन्य समस्याएं सामने आ रही हैं, उन्हें दूर कराया जा रहा है। इससे पानी की बर्बादी रोकने और नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही, लंबित कार्यों को पूरा कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि गरौठा में पाइपलाइन लीकेज और अन्य समस्याओं को दूर कराने के साथ शेष कार्य जल्द पूरे कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का लक्ष्य नागरिकों को नियमित पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराना है।
