पूंछ। झांसी-कानपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार दोपहर करीब 11 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। पूंछ थाना क्षेत्र के सिकंदरा और खिल्ली के बीच ट्रक का टायर फटने से यह दुर्घटना हुई। अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही कार को टक्कर मारकर करीब 100 मीटर तक घसीटा। गनीमत रही कि कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोग बाल-बाल बच गए।

जालौन जिले के कोंच निवासी नीरज (25) अपने चाचा ठाकुर प्रसाद (55) को लेकर झांसी जा रहे थे। ठाकुर प्रसाद का हाल ही में एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था। परिवार उनके टांके कटवाने के लिए कार से झांसी जा रहा था। कार में नीरज के साथ उनके चाचा, चाचा के दो बेटे और दामाद सवार थे। टक्कर के बाद कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। इस दौरान कार सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद दोनों वाहन डिवाइडर पर चढ़ गए।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी फैल गई और यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पूंछ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि कार चालक नीरज ने तहरीर दी है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *